आवासीय क्षेत्र में कमर्शियल गतिविधियों से 50 परिवार परेशान, विरोध के बाद नगर निगम ने बंद किया भारी वाहनों का रास्ता
बिलासपुर के कश्यप कॉलोनी आवासीय क्षेत्र में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से करीब 50 परिवार बेहद परेशान हैं। स्थानीय निवासियों की शिकायतों के बाद बुधवार को नगर निगम ने भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए सड़क के बीचों-बीच खंभा गाड़ दिया। करबला रोड स्थित मूलचंद कॉम्प्लेक्स के पास कश्यप कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर नाले के ऊपर स्लैब डालकर वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था। कपड़ा व्यापारियों और अन्य कारोबारियों द्वारा भारी वाहनों से सामान की ढुलाई तथा गिट्टी-रेत से लदे ट्रकों की आवाजाही के कारण नाले का स्लैब जगह-जगह से टूट गया था और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। पूर्व में भी निगम कर्मी यहां गार्डर लगाने पहुंचे थे, लेकिन कारोबारियों ने उन्हें लौटा दिया था। बुधवार को जब निगम कर्मी दोबारा खंभा लगाने पहुंचे, तो व्यापारियों ने फिर काम रोक दिया। इसकी सूचना मिलते ही महापौर पूजा विधानी, जोन कमिश्नर और निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। जब व्यापारियों ने बहस शुरू की, तो महापौर ने कॉलोनी में अवैध रूप से संचालित 18 दुकानों की नापजोख कराने और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस कड़े रुख के बाद विरोधी व्यापारी पीछे हटने को मजबूर हुए और निगम ने खंभा गाड़ने की कार्रवाई पूरी की। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम की भवन शाखा की अनदेखी के कारण आवासीय मकानों की जगह खुलेआम दुकानें और गोदाम बनाकर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। दिन में रोक के बाद अब कारोबारी रात के अंधेरे में निर्माण सामग्री की ढुलाई कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों और भारी वाहनों पर पूरी तरह से रोक नहीं लगाई गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं महापौर पूजा विधानी ने स्पष्ट किया कि सड़क की सुरक्षा और संरक्षण के लिए बीच में खंभा लगाया गया है और अब इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


