नशे के बजाय पढ़ाई और सफलता का जुनून पालें युवा बीके समीक्षा
बिलासपुर। दयालबंद स्थित शासकीय मल्टीपर्पज स्कूल में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की बीके समीक्षा बहन ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। बीके समीक्षा ने कहा कि युवा नशे की आदत के बजाय पढ़ाई, लक्ष्य और सफलता का जुनून अपने जीवन में पालें। सकारात्मक सोच और अनुशासन के साथ युवा अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज शराब, तंबाकू और सिगरेट के साथ मोबाइल, गेमिंग और सोशल मीडिया की लत भी युवाओं के समय और एकाग्रता को प्रभावित कर रही है। विद्यार्थियों को मोबाइल का संतुलित उपयोग करने तथा अपना समय योग, पढ़ाई, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीत ‘उठो जवान देश के, वसुंधरा पुकारती’ से हुई। विद्यार्थियों ने ‘नशे को दो विदाई, तो परिवार देगा बधाई’ जैसे नारों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. चंदना पाल की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर बीके ममता, पूर्णिमा, राकेश भाई, वरिष्ठ व्याख्याता भारती खुबालकर, नीलम चौधरी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


