चमोली में बड़ा हादसा: सुरंग में घुसा पानी और मलबा, 7 मजदूरों की मौत; झारखंड के श्रमिक भी फंसे, CM सोरेन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

चमोली टनल हादसा उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार रात निर्माणाधीन हाइड्रो प्रोजेक्ट की टनल में अचानक पानी और भारी मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए इस हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने कई श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि कुछ मजदूरों के अब भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम टनल के भीतर अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा आ गया। कुछ ही देर में सुरंग का एक हिस्सा पूरी तरह पानी और मलबे से भर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय टनल के अंदर कुल 22 मजदूर मौजूद थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश अभी भी जारी है। राहत एवं बचाव अभियान में NDRF, SDRF, ITBP और दमकल विभाग की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद झारखंड सरकार भी अलर्ट हो गई है। दरअसल, इस परियोजना में झारखंड के खूंटी, गुमला समेत राज्य के अन्य जिलों के कुछ श्रमिकों के काम करने की जानकारी मिली है। श्रमिकों की स्थिति को लेकर उनके परिवारों में चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की। सीएम धामी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी गंभीरता से चलाया जा रहा है। हेमंत सोरेन ने निर्माणाधीन सुरंगों में लगातार सामने आ रहे हादसों पर चिंता जताते हुए कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ प्रकृति और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के गंभीर परिणाम सामने आ रहे हैं और ऐसी घटनाएं सभी को पर्यावरण के प्रति सतर्क रहने का संदेश देती हैं। झारखंड सरकार ने चमोली परियोजना में काम करने वाले श्रमिकों के परिजनों और परिचितों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। टोल फ्री नंबर 1800-3456-526 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9470132591, 9431336472 और 9431336427 भी जारी किए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर SDRF, NDRF, जिला प्रशासन, ITBP और अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। टनल के अंदर पानी और मलबा होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और सबसे बड़ी प्राथमिकता टनल में फंसे या लापता श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।

Aug 14, 2026 - 17:21
 0  3
💬 WhatsApp पर शेयर करें
चमोली में बड़ा हादसा: सुरंग में घुसा पानी और मलबा, 7 मजदूरों की मौत; झारखंड के श्रमिक भी फंसे, CM सोरेन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0