भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए राहत एवं बचाव के निर्देश*

*कच्चे मकान क्षतिग्रस्त होने पर आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल प्रकरण बनाकर राहत दिलाने कहा* बिलासपुर, 17 जुलाई 2026/जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश के कारण जिले में कई नदी-नाले उफान पर हैं और निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति निर्मित हुई है। कुछ स्थानों पर कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी मिली है। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने राजस्व और निगम अमले को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पहुंचकर स्थिति का सर्वे करें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल प्रकरण तैयार किए जाएं, ताकि नियमानुसार पात्र प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे और राहत संबंधी कार्रवाई में किसी भी प्रकार की देरी न हो। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों और मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नदी-नालों के जलस्तर, जलभराव वाले क्षेत्रों और निचली बस्तियों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जाए। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई तत्काल की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए और राहत एवं बचाव कार्य में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। *जिला प्रशासन की आम नागरिकों से अपील* जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले, रपटों और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें। बच्चों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों से दूर रखें। पुल-पुलियों अथवा रपटों पर पानी बहने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त मकानों में निवास न करें। यदि किसी परिवार का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है अथवा किसी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति है, तो तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा राजस्व अमले को सूचना दें। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कर नियमानुसार राहत की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा है कि भारी बारिश के दौरान आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।

Jul 17, 2026 - 12:46
 0  18
💬 WhatsApp पर शेयर करें
भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए राहत एवं बचाव के निर्देश*

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0