आधी रात का खूनी सच: शक और गुस्से में पति ने ली पत्नी की जान
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अंजनी गांव में तब सनसनी फैल गई, जब जेपी एग्रोटेक के पास झाड़ियों में एक महिला का खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब तफ्तीश शुरू की, तो मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया (रूपौली) निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर जब मामले की कड़ियां जोड़ी गईं, तो शक की सुई सीधे मृतका के पति सुमित कुमार यादव (32 वर्ष) पर जाकर टिकी। घटना 9 सितंबर की देर रात करीब दो बजे की है। सुमित जब सोकर उठा तो उसने पत्नी को कमरे में नहीं पाया। तलाश करते हुए जब वह बाहर निकला, तो उसने लक्ष्मी को एक परिचित व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से से तमतमाए सुमित ने उस शख्स को दौड़ाया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इसके बाद पति-पत्नी के बीच तीखी झड़प और हाथापाई शुरू हो गई। आक्रोश में आकर सुमित ने लोहे के चाकू से लक्ष्मी के गले पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए मनगढ़ंत कहानियां बनाता रहा। हालांकि, फॉरेंसिक साक्ष्यों और कड़ी पूछताछ के आगे उसका झूठ टिक न सका। गौरेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत धारा 103(1) और 238(ख) में मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


