गदंगी के बीच बन रहे पूजा के बताशे, खाद्य विभाग की निगरानी पर सवाल

बिलासपुर - दीपावली का त्योहार हो या पूजा-पाठ, बताशों का इस्तेमाल प्रसाद के रूप में किया जाता है। लेकिन अगर यही बताशे गंदगी के बीच बन रहे हों, तो श्रद्धालुओं की सेहत पर खतरा मंडराना लाजिमी है। न्यायधानी बिलासपुर के शनिचरी बाजार के पास बताशे बनाने की जगह का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में गंदगी के बीच बताशे बनते और कारीगर बिना दस्ताने काम करते नजर आ रहे हैं। परिसर में गोबर और धूल-मिट्टी भी दिखाई दे रही है। सवाल यह है कि त्योहार के इस सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी कहां है? दीपावली पर पूजा सामग्री की मांग बढ़ने के साथ ही बाजार में बताशों की बिक्री भी तेज हो जाती है। लेकिन शनिचरी बाजार के पास सामने आए इस वीडियो ने खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि यहां साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी करते हुए बताशे बनाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, खोवा और चना-मुर्रा जैसे खाद्य पदार्थ भी खुले में बेचे जा रहे हैं। ऐसे में इन खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच जरूरी हो जाती है। मामले में सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को जांच की जिम्मेदारी बताते हुए कहा है कि शनिचरी में पहले निरीक्षण हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल उनके पास नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगने और मौके पर जांच कराने की बात कही है। साथ ही नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई के निर्देश देने की बात भी कही है। अब सवाल यह है कि क्या खाद्य विभाग त्योहार के दौरान ही जागेगा, या लोगों की सेहत से जुड़े इस मामले में समय रहते जांच और कार्रवाई करेगा? फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर उठे सवालों का जवाब मौके की जांच और विभागीय कार्रवाई से ही मिल पाएगा।

Oct 29, 2026 - 12:04
 0  10
💬 WhatsApp पर शेयर करें
गदंगी के बीच बन रहे पूजा के बताशे, खाद्य विभाग की निगरानी पर सवाल

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0