छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का महर्षि नारद जयंती सप्ताह कार्यक्रम सम्पन्न*
रायपुर। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित महर्षि नारद जयंती सप्ताह कार्यक्रम राजधानी रायपुर में दो सत्रों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रथम सत्र वृंदावन हॉल और द्वितीय सत्र स्पीकर हाउस के साहित्यिक हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में Raman Singh शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा ने की, जबकि मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जिलों, तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों का इस अवसर पर साल, श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष पद पर आठवीं बार निर्वाचित हुए अरविंद अवस्थी तथा महासचिव विश्व दीपक राई को बधाई दी। उन्होंने हंसी-मजाक के अंदाज में अरविंद अवस्थी को "आजीवन अध्यक्ष" बने रहने की शुभकामनाएं भी दीं। अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बस्तर और सरगुजा संभाग के पत्रकार नक्सलवाद की वास्तविकता को करीब से देख चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah तथा मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में तेजी से काम हो रहा है और अब बस्तर में विकास की चर्चा प्रमुख विषय बननी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि नक्सलवाद और सलवा जुडूम जैसे विषयों पर निष्पक्ष लेखन होना चाहिए। साथ ही उन परिवारों की पीड़ा को भी समझने की जरूरत है, जिन्होंने हिंसा में अपने प्रियजनों को खोया है। कार्यक्रम को राज्य साहित्य अकादमी अध्यक्ष शशांक शर्मा और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने भी संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने स्वागत भाषण में कहा कि डॉ. रमन सिंह हमेशा पत्रकारों को परिवार का हिस्सा मानते रहे हैं और उनके हितों के लिए सदैव खड़े रहे हैं। प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि समाज तक सूचनाओं का प्रवाह पत्रकारों के माध्यम से होता है और पत्रकारों के सहयोग के बिना समाज सुधार तथा राष्ट्रवाद की भावना मजबूत नहीं हो सकती। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरी शंकर श्रीवास ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश मिश्रा ने किया जबकि आभार प्रदर्शन महासचिव विश्व दीपक राई ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, संभागीय एवं जिला अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


