बिलासपुर में चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड का फैसला, सभी 22 आरोपी बरी

बिलासपुर - न्यायधानी बिलासपुर के बहुचर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। करीब चार साल तक चली सुनवाई के बाद न्यायालय ने मामले के सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या में उत्तर प्रदेश से शूटर बुलाने, सुपारी देने और पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते अपने ही भाई की हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। लेकिन अभियोजन पक्ष अदालत में आरोपों को साबित नहीं कर सका। इस फैसले ने पुलिस की विवेचना और अभियोजन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला 14 दिसंबर 2022 का है। सकरी बेरियर के पास संजू त्रिपाठी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद सकरी थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक संपत्ति विवाद को वजह बताया था। साथ ही उत्तर प्रदेश से शूटर बुलाकर सुपारी के जरिए हत्या कराने की साजिश का आरोप लगाते हुए कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया, जिसके बाद अदालत में ट्रायल चला। आज 30 अक्टूबर को दसवें अपर सत्र न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने मामले में फैसला सुनाते हुए सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। अधिवक्ता के मुताबिक, पुलिस पारिवारिक संपत्ति विवाद को हत्या की वजह के रूप में अदालत में प्रमाणित नहीं कर सकी। वहीं कथित साजिश से जुड़े गवाहों और मेमोरेंडम गवाहों ने भी अभियोजन का अपेक्षित समर्थन नहीं किया। मामले में मौजूद इन कमियों का लाभ आरोपियों को मिला और सभी दोषमुक्त हो गए। बिलासपुर के इस चर्चित हत्याकांड में सभी 22 आरोपियों का बरी होना पुलिस की जांच और अभियोजन की बड़ी नाकामी के तौर पर देखा जा रहा है। अब सवाल यही है कि दिनदहाड़े हुई इस हत्या के पीछे की सच्चाई आखिर कब सामने आएगी?

Oct 30, 2026 - 17:01
 0  10
💬 WhatsApp पर शेयर करें
बिलासपुर में चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड का फैसला, सभी 22 आरोपी बरी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0