बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर थाना हिरी पुलिस ने बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजा भैया लहरे (26 वर्ष), निवासी ग्राम छैडोलिया (कोसा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा, ने प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50 वर्ष), निवासी चण्डीपारा उरईहा पामगढ़, को उसके बेटे राहुल भारद्वाज और भतीजे हरिश को नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। इस बहाने आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17,65,000 रुपये तथा नगद 7,35,000 रुपये, कुल 25 लाख रुपये हड़प लिए। पैसा लेने के बाद आरोपी अक्टूबर 2023 से फरार हो गया था। पैसे की मांग करने पर आरोपी के परिजनों द्वारा दबाव बनाए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद थाना मुलमुला में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 दर्ज किया गया था। बाद में प्रार्थी द्वारा न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत करने पर न्यायालय के आदेश से थाना हिरी में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 20 फरवरी 2026 को ग्राम छैडोलिया से आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ठगी की रकम में से 75 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


