श्री जगन्नाथ पुरी यात्रा में भक्ति के साथ सेवा और जनजागरण का संदेश स्वामी श्री शिवानंद महाराज के सान्निध्य में युवाओं ने किया स्वच्छता श्रमदान, नशामुक्ति का लिया संकल्प
बेलगहना। श्री सिद्ध बाबा आश्रम, बेलगहना के युवा संगठन द्वारा परम श्रद्धेय पूज्य स्वामी श्री श्री 108 श्री शिवानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में ओडिशा के प्रसिद्ध धार्मिक धाम श्री जगन्नाथ पुरी की धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन के साथ भक्ति, सेवा, संस्कार, स्वच्छता और सामाजिक जनजागरण का संदेश भी दिया गया। यात्रा के दौरान युवाओं ने यह संदेश दिया कि धर्म केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित में समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है। इसी उद्देश्य के साथ युवाओं ने पुरी धाम एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। पुरी में स्वच्छता श्रमदान, प्लास्टिक मुक्त तीर्थ का दिया संदेश पूज्य स्वामी श्री शिवानंद महाराज जी की प्रेरणा से युवा संगठन के सदस्यों ने ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के संकल्प के तहत श्री जगन्नाथ पुरी धाम के आसपास तथा समुद्र तट पर स्वच्छता श्रमदान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय दुकानदारों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया। युवाओं ने कहा कि तीर्थस्थलों की पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। भगवान जगन्नाथ को साक्षी मानकर नशामुक्ति का संकल्प यात्रा के दौरान युवाओं ने नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और संयमित एवं संस्कारित जीवन जीने का संकल्प लिया। भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु को साक्षी मानकर युवाओं ने जीवनभर व्यसनमुक्त रहने का संकल्प लिया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। समुद्र तट पर भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक गोष्ठी पुरी के समुद्र तट पर पूज्य स्वामी श्री शिवानंद महाराज जी के सान्निध्य में सामूहिक भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं को सनातन संस्कृति, सदाचार, निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल युवाओं ने इसे धार्मिक दर्शन के साथ संस्कार, सेवा और सामाजिक चेतना से जुड़ा अनुभव बताया। मस्तूरी में हुआ आत्मीय स्वागत श्री जगन्नाथ पुरी की यात्रा पूर्ण कर बेलगहना लौटने के दौरान मस्तूरी पहुंचने पर राठौर परिवार द्वारा पूज्य स्वामी श्री शिवानंद महाराज जी का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों एवं उपस्थित भक्तजनों ने पूज्य श्री का श्रद्धापूर्वक अभिनंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई जिलों से पहुंचे युवा श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में अनूपपुर (मध्यप्रदेश), कोरबा, बिलासपुर, कवर्धा, पंडरिया, लोरमी, मुंगेली, कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों से युवा श्रद्धालु एवं भक्तजन शामिल हुए। श्री सिद्ध बाबा आश्रम, बेलगहना के युवा संगठन की यह यात्रा भक्ति को सेवा से, संस्कार को आचरण से और आध्यात्मिक चेतना को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने वाली पहल के रूप में संपन्न हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


