अशोक नगर डीएस कॉलेज के पास सड़क पर गड्ढों का जाल, हादसे के बाद जागेगा प्रशासन?
बिलासपुर। अशोक नगर स्थित डीएस कॉलेज के पास मुख्य सड़क इन दिनों बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों के लिए परेशानी और हादसे का सबब बनी हुई है। सड़क की बदहाल स्थिति के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अब तक इस ओर गंभीरता से ध्यान देते नजर नहीं आ रहे हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। खास बात यह है कि इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, ऑटो चालक, दोपहिया वाहन चालक और एंबुलेंस भी गुजरती हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाला ऑटो भी दो-तीन बार पलट चुका है। गनीमत रही कि अब तक कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? सबसे गंभीर स्थिति उस समय बन सकती है जब किसी मरीज को लेकर एंबुलेंस इस मार्ग से गुजरती है। सड़क के गड्ढों के कारण एंबुलेंस को झटके लगने से मरीज की परेशानी और बढ़ सकती है। ऐसे में सड़क की बदहाली केवल यातायात की समस्या नहीं, बल्कि जनसुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय भी है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। साथ ही, जब तक स्थायी सुधार नहीं होता, तब तक खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरकर राहगीरों को राहत दी जाए। जनता का सीधा सवाल है—क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते सड़क की मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही? अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और अशोक नगर के नागरिकों को इस बदहाल सड़क से कब राहत मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


