एनएसयूआई ग्रामीण जिलाध्यक्ष बने रंजेश सिंह क्षत्री, छात्र हितों की लड़ाई को देंगे धार
बिलासपुर। एनएसयूआई में संगठनात्मक बदलाव के तहत रंजेश सिंह क्षत्री को बिलासपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद शुक्रवार को रंजेश सिंह क्षत्री रतनपुर पहुंचे और मां महामाया देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका वे पूरी निष्ठा, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। छात्रों को परीक्षा प्रवेश, परीक्षा परिणाम सहित अन्य शैक्षणिक कार्यों में होने वाली परेशानियों के निराकरण के लिए कॉलेज प्रशासन से लेकर संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर तक आवाज उठाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर छात्र हितों के मुद्दों को लेकर आंदोलन भी किया जाएगा। रंजेश सिंह क्षत्री ने कहा कि कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव बंद होने के बाद विद्यार्थियों के बीच से नेतृत्व विकसित होने का अवसर कम हुआ है। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव को पुनः बहाल करने के लिए प्रयास करने की बात कही। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखने का मंच प्रदान करता है। चुनाव बहाल होने से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल हो सकेगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। आरटीई से नर्सरी स्तर को हटाने और अंग्रेजी माध्यम में नर्सरी कक्षा बंद किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर अभियान चलाने की बात कही, ताकि गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित न होना पड़े। रंजेश सिंह ने बताया कि जल्द ही एनएसयूआई ग्रामीण की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। नई टीम के साथ संगठन को गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों तक मजबूत करने तथा छात्र हितों की लड़ाई को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


