बदहाल सड़कों पर नगर निगम-PWD और विधायक घिरे, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
न्यायधानी बिलासपुर की सड़कों पर गड्ढों का राज है और जिम्मेदार मौन हैं। शहर की सड़कें विकास की नहीं, बल्कि बदहाली की पहचान बनती जा रही हैं। सरकंडा से तिफरा, तोरवा से मंगला और उसलापुर से व्यापार विहार तक हर तरफ गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। जनता रोज हादसों का खतरा उठाकर सफर कर रही है, लेकिन नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने वाला कोई नजर नहीं आता। अब नागरिक सुरक्षा मंच ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक को सीधे निशाने पर लेते हुए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। सुधार नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेगा जनआंदोलन और होगा सड़क सत्याग्रह। बिलासपुर की सड़कों पर चलना अब किसी चुनौती से कम नहीं। कहीं डामर उखड़ चुका है, तो कहीं गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बारिश का पानी भरने के बाद इन गड्ढों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। दोपहिया वाहन चालक हर दिन दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं। सरकंडा, तिफरा, तोरवा, मंगला, उसलापुर, व्यापार विहार और पुराने बस स्टैंड सहित शहर के कई इलाकों में सड़कें बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ नगर निगम से नहीं, बल्कि पीडब्ल्यूडी और उन जनप्रतिनिधियों से भी है, जिनके सामने जनता अपनी समस्याएं रखती है। आखिर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदार अधिकारी सड़कों की सुध क्यों नहीं ले रहे? क्षेत्रीय विधायक और जनप्रतिनिधि जनता की इस परेशानी को लेकर कब सक्रिय होंगे? क्या जिम्मेदारों को किसी बड़े हादसे का इंतजार है? इसी गंभीर समस्या को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच ने शहर के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण कर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। मंच के संयोजक अमित तिवारी ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कें एक बारिश भी नहीं झेल पा रही हैं। आखिर निर्माण की गुणवत्ता की जांच किसने की और सरकारी धन खर्च होने के बाद भी जनता को बदहाल सड़कें क्यों मिल रही हैं? मंच ने मांग की है कि पिछले तीन वर्षों में सड़क निर्माण और मरम्मत पर खर्च की गई राशि, ठेकेदारों के नाम और गुणवत्ता जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। तीन दिनों के भीतर वार्डवार खराब सड़कों का सर्वे कर सूची जारी हो, मुख्य मार्गों के गड्ढों की तत्काल भराई और स्थायी डामरीकरण शुरू किया जाए। साथ ही घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो। अब सीधे आर-पार की लड़ाई! नागरिक सुरक्षा मंच ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जनप्रतिनिधियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। मंच का कहना है कि यदि तय समय में सड़कों की हालत सुधारने के लिए ठोस काम शुरू नहीं हुआ, तो शांतिपूर्ण जनआंदोलन के साथ सड़क सत्याग्रह किया जाएगा। अब सवाल यह है कि शहर की बदहाल सड़कों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? नगर निगम, पीडब्ल्यूडी या फिर जनता से जवाब मांगने वाले जनप्रतिनिधि? जनता टैक्स दे रही है, सरकार विकास के दावे कर रही है, लेकिन सड़क पर उतरते ही उन दावों की हकीकत गड्ढों में दिखाई दे रही है। एक सप्ताह का अल्टीमेटम अब जिम्मेदारों के लिए परीक्षा बन गया है। देखना होगा कि नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और विधायक जनता की आवाज पर सड़क सुधारते हैं या फिर नागरिक सुरक्षा मंच को सड़क सत्याग्रह के लिए मजबूर होना पड़ता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


