मानवता की मिसाल बिलासपुर में भटक रहे गुजरात के युवक की अखिल भारतीय हिंदू परिषद व सीजी क्राइम न्यूज़ ने की मदद
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में आज मानवता को गौरवान्वित करने वाला एक प्रेरणादायक मामला सामने आया है। पिछले 15 दिनों से शहर की गलियों में भटक रहे गुजरात निवासी लगभग 30 वर्षीय युवक की अखिल भारतीय हिंदू परिषद और सीजी क्राइम न्यूज़ की संयुक्त टीम ने मदद कर उसे सुरक्षित उसके गृह नगर के लिए रवाना किया। भटकते हुए पहुँचा एसपी कार्यालय प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक गुजरात के अहमदाबाद (भावनगर) का निवासी है, जो किसी कारणवश मानसिक रूप से परेशान होकर बिलासपुर आ गया था। बीते लगभग दो सप्ताह से वह शहर में भटक रहा था। मदद की आस में वह आज बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचा, जहाँ मौजूद अखिल भारतीय हिंदू परिषद के सदस्यों और सीजी क्राइम न्यूज़ की टीम की नजर उस पर पड़ी। भोजन, वस्त्र व आर्थिक सहायता देकर बढ़ाया मानवीय हाथ युवक की स्थिति और आपबीती सुनते ही दोनों संगठनों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी सहायता का निर्णय लिया। सबसे पहले उसे पौष्टिक भोजन कराया गया, फिर उसकी बदहाल स्थिति को देखते हुए नए वस्त्र उपलब्ध कराए गए। साथ ही, घर लौटने के लिए आवश्यक यात्रा व्यय हेतु नगद राशि भी प्रदान की गई, ताकि उसे किसी प्रकार की परेशानी न हो। ट्रेन से गृह नगर के लिए किया गया रवाना सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के बाद अखिल भारतीय हिंदू परिषद एवं सीजी क्राइम न्यूज़ की टीम युवक को बिलासपुर रेलवे स्टेशन लेकर पहुँची, जहाँ उसे अहमदाबाद–भावनगर जाने वाली ट्रेन में सुरक्षित बैठाया गया। इस मानवीय पहल की रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आम नागरिकों ने भी भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस नेक कार्य में अखिल भारतीय हिंदू परिषद के पदाधिकारियों एवं सीजी क्राइम न्यूज़ के प्रतिनिधियों की सराहनीय भूमिका रही। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि समाज में आज भी मानवता, संवेदना और परोपकार की भावना जीवित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


