मोपका चौक पर बड़ा हादसा टला: खतरनाक नाले में पलटी कार, युवाओं की सूझबूझ से बची चालक की जान
बिलासपुर। शहर के मोपका चौक पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे नाले में पलट गई। हादसा इतना खतरनाक था कि कार पूरी तरह उलटकर चारों पहियों के साथ ऊपर की ओर हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज गति से मोपका चौक की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सड़क किनारे बने गड्ढेनुमा नाले में जा गिरी। पलभर में वाहन पलट गया और चालक कार के भीतर ही फंस गया। कार के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों को बड़े हादसे की आशंका होने लगी। इसी बीच मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने साहस और तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। युवक सीतेश दर्वे, रवि यादव और उनके साथियों ने बिना देर किए कार का शीशा तोड़कर अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। युवाओं की सूझबूझ और बहादुरी से चालक की जान बच गई और एक बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बना यह नाला लंबे समय से खतरे का कारण बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि नाले के किनारे न तो कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया है और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग या बाउंड्री बनाई गई है। लोगों के मुताबिक इस स्थान पर पहले भी 3 से 4 हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इलाके के निवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि इस खतरनाक नाले के पास जल्द से जल्द सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। वहीं संकट की घड़ी में मदद करने वाले युवाओं की इलाके में जमकर सराहना हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


