अवैध रेत खनन में किशोर की मौत, हादसे को एक्सीडेंट बताने की साजिश नाकाम—मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट.... राकेश मिश्रा.... बिलासपुर/रतनपुर। अवैध रेत खनन के काले कारोबार से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लालच ने एक किशोर की जान ले ली और फिर सच्चाई छिपाने के लिए इसे सड़क हादसे का रूप देने की साजिश रची गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में खारंग नदी किनारे हुए इस मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर में सवार 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत की सूचना मिली थी। प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क हादसा बताया गया, लेकिन मर्ग जांच के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि आरोपी तोषण कश्यप ने अधिक रेत निकालने के लालच में नदी में 6-7 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया था, जो बेहद खतरनाक स्थिति में था। आरोपी ने जोखिम की जानकारी होने के बावजूद अमित कश्यप और एक अन्य युवक अमित यादव को गड्ढे में काम करने के लिए उतार दिया। इसी दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ने साजिश रचते हुए ट्रैक्टर को दूसरी जगह ले जाकर ट्रॉली पलट दी, ताकि मामले को सड़क दुर्घटना साबित किया जा सके। हालांकि पुलिस की गहन जांच में सच्चाई सामने आ गई। थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तोषण कश्यप (34) को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। यह घटना अवैध रेत खनन के खतरनाक और अमानवीय स्वरूप को उजागर करती है, जहां मुनाफे के लिए लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

