चौकसे कॉलेज के कैंटीन में छात्र पर जलता पटाखा फेंका आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र स्थित चौकसे कॉलेज में एक छात्र पर जलता हुआ पटाखा फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 19 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे कॉलेज के कैंटीन परिसर में हुई। प्रथम वर्ष का छात्र रूद्रनारायण सोनी अपने दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान कॉलेज का ही छात्र तरुण कश्यप वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के रूद्रनारायण की ओर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया। पटाखा फटने से रूद्रनारायण की आंख में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। छात्र की आंख में चोट आने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद पीड़ित छात्र की माता संतोषी सोनी ने तोरवा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 20 मार्च 2026 को आरोपी छात्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। तोरवा पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि कॉलेज परिसर में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


