गनियारी-तखतपुर में खाद घोटाला उजागर,दो दुकानों पर 21 दिन की रोक...लाइसेंस निलंबित
बिलासपुर - जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत गनियारी और तखतपुर में संचालित दो खाद दुकानों में गड़बड़ी पाए जाने पर कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में स्टॉक और मशीन रिकॉर्ड में अंतर मिलने पर दोनों दुकानों की खाद बिक्री 21 दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दी गई है। किसानों को खाद, बीज एवं कीटनाशक की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने और उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा गठित जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने तखतपुर विकासखंड में सख्त कार्रवाई की है। टीम ने मेसर्स किसान सेवा केंद्र तखतपुर और मेसर्स अमन कृषि केंद्र गनियारी का औचक निरीक्षण किया, जहां खाद वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। उप संचालक कृषि पीढ़ी हथेश्वर ने बताया कि जांच के दौरान किसान सेवा केंद्र तखतपुर में मशीन स्टॉक में यूरिया 750 बोरी दर्ज थी,जबकि भौतिक रूप से 550 बोरी ही पाई गई। साथ ही 200 बोरी यूरिया बिना मशीन में दर्ज किए रखी गई थी। वहीं गनियारी स्थित अमन कृषि केंद्र में मशीन रिकॉर्ड में 1679 बोरी यूरिया दर्ज थी, लेकिन मौके पर भौतिक स्टॉक नहीं मिला। दोनों प्रतिष्ठानों में उर्वरक भंडारण एवं वितरण से संबंधित रजिस्टर भी संधारित नहीं पाए गए, जो कि उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दोनों दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 21 दिनों के लिए खाद विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उप संचालक कृषि हाथेश्वर ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान दिव्या गौतम सहायक संचालक कृषि,आर.एल. पैकरा प्रभारी, कृषि वि.अ. तखतपुर,खुशबू साहू,उषा ध्रुव उर्वरक निरीक्षक,एवं नरेश चंदेल ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थिति थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

