राजनांदगांव में युवा पत्रकारों पर जानलेवा हमला! तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, तीन बार कुचलने की कोशिश का आरोप, पत्रकारों में भारी आक्रोश
(🎤🎤ओम तिवारी की रिपोर्ट 🎤🎤) राजनांदगांव। जिले में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। देर रात शहर में दो युवा पत्रकारों पर तेज रफ्तार कार से कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे प्रदेश के पत्रकारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे युवा पत्रकार सौरभ ताम्रकार और योगेश साहू लखोली चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, हादसे के बाद जब दोनों पत्रकारों ने कार चालक को आवाज लगाई, तो चालक वाहन रोककर मदद करने के बजाय वापस लौटा और कथित रूप से फिर से वाहन चढ़ाकर हमला करने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने लगातार तीन बार जानलेवा हमला करने की कोशिश की, जिससे दोनों पत्रकार किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद घायल पत्रकार सीधे कोतवाली थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए बसंतपुर मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सौरभ ताम्रकार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि योगेश साहू भी घायल हैं और दोनों का उपचार जारी है। खबर लिखे जाने तक आरोपी कार चालक की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। जिले सहित प्रदेशभर के पत्रकार संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों का कहना है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह महज सड़क हादसा था या पत्रकारों को निशाना बनाकर सुनियोजित हमला किया गया। इस मामले की हर अपडेट पर अपनी नजर बनाए हुए है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों और कार्रवाई की अगली जानकारी भी पाठकों तक सबसे पहले पहुंचाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0







