राज्योत्सव के आमंत्रण पत्र से अमर अग्रवाल का नाम गायब, क्या शहर के विधायक की हो रही अनदेखी?
बिलासपुर - छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के आयोजन को लेकर बिलासपुर की सियासत में एक नया सवाल खड़ा हो गया है। जिला स्तरीय राज्योत्सव के आमंत्रण पत्र में शहर के विधायक अमर अग्रवाल का नाम शामिल नहीं किया गया है। जबकि 2 नवंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के कई जनप्रतिनिधियों को विशिष्ट अतिथि के तौर पर जगह दी गई है। खास बात यह है कि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल को इसी दिन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बनाया गया है। इसके बावजूद बिलासपुर के आमंत्रण पत्र से उनका नाम गायब होना अब चर्चा का विषय बन गया है। 2 नवंबर को बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन होना है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे। आमंत्रण पत्र में धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल किए गए हैं, लेकिन जिस बिलासपुर शहर में यह आयोजन हो रहा है, उसी शहर के निर्वाचित विधायक अमर अग्रवाल का नाम सूची से नदारद है। हैरानी की बात यह है कि अमर अग्रवाल को 2 नवंबर को ही गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी दी गई है। यानी दूसरे जिले के कार्यक्रम में उन्हें मुख्य अतिथि का सम्मान मिल रहा है, लेकिन अपने ही विधानसभा क्षेत्र के जिला स्तरीय आयोजन के आमंत्रण पत्र में जगह नहीं मिली। यहां सवाल यह नहीं है कि विधायक अमर अग्रवाल को मुख्य अतिथि बनाया जाना चाहिए था या नहीं, बल्कि सवाल उनके जनप्रतिनिधित्व और सम्मान का है। भले ही वे दूसरे जिले के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हों, लेकिन बिलासपुर नगर विधायक होने के नाते जिला प्रशासन और नगर निगम की जिम्मेदारी बनती थी कि आमंत्रण पत्र में उनका नाम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल किया जाता। पिछली बार राज्योत्सव के प्रचार-प्रसार में उनकी तस्वीर गायब थी और इस बार आमंत्रण पत्र से नाम ही नदारद है। ऐसे में लगातार दो आयोजनों में सामने आई इस स्थिति को महज प्रशासनिक चूक माना जाए या फिर इसके पीछे कोई और वजह है? फिलहाल यह सवाल चर्चा में है और अब निगाहें जिला प्रशासन के जवाब और आमंत्रण पत्र में संभावित सुधार पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


