रॉन्ग साइड से आए ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 की मौत सालगिरह समारोह से लौट रहे थे सभी
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के पास करीब रात 2 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, सकरी-रतनपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर (CG 11 BD 9044) अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में घुस गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रेलर पास खड़े एक अन्य वाहन को टक्कर मारते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो वाहन के मलबे में बुरी तरह फंस गए। सूचना पर पहुंची सकरी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। घायलों और शवों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला जा सका। हादसे में छत्रपाल रात्रे (37), विशाल लहरें (25), अनमोल लहरें (14) और सोनू मिरी (28) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रकाश रात्रे को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक यादव ढाबा में आयोजित विवाह की 25वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया और खुशियां मातम में बदल गईं। सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0


