भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव को लेकर कांग्रेस ने जताया आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के काफिले पर असम में हुए पथराव और हमले की कांग्रेस नेताओं ने कड़ी निंदा की है। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। रविंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को जनता के बीच जाकर संवाद करने का अधिकार है। ऐसे में विपक्षी नेताओं के काफिले पर इस तरह के हमले लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में विपक्ष के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्र लेखकों, पत्रकारों और समाजसेवियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों को सुरक्षा देने में सक्षम नहीं है तो गृह मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए। रविंद्र सिंह ने हत्या, ठगी, चोरी-डकैती और दुष्कर्म जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के काफिले के साथ रास्ते में हुई घटना के बाद भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अनिल सिंह चौहान ने बताया कि घटना में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं असम सह प्रभारी मनोज चौहान भी घायल हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस प्रशासन को ऐसी घटना की आशंका या जानकारी पहले से थी तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मनोज चौहान, प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए। कांग्रेस नेताओं ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और भविष्य में कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से भी मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक पहल करने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


