कुरेली गांव में करंट से बच्चे की मौत, बिजली विभाग पर कार्रवाई की मांग लेकर एएसपी कार्यालय पहुंचे विधायक धर्मजीत सिंह
बिलासपुर के कुरेली गांव में विद्युत करंट की चपेट में आने से बच्चे की मौत के मामले में अब राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया। लेकिन बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार विद्युत विभाग के अधिकारियों पर अब तक कार्रवाई नहीं होने से नाराज विधायक धर्मजीत सिंह अपने समर्थकों के साथ एएसपी कार्यालय पहुंचे और विभाग के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।विधायक धर्मजीत सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रामीणों के खिलाफ तो तत्काल कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया, लेकिन जिस लापरवाही के कारण एक बच्चे की जान गई, उस विद्युत विभाग पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वे इसी मांग को लेकर एएसपी कार्यालय पहुंचे हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो आगे बैठकर रणनीति तय की जाएगी। विधायक धर्मजीत सिंह ने बताया तीन-चार दिन पहले कुरेली गांव में विद्युत करंट से एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित थे। इसी आक्रोश में विद्युत विभाग के लोगों के साथ झूमा-झटकी और मारपीट की घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, संबंधित लोगों पर धाराएं लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया। वहां तक तो ठीक है, लेकिन जिस बच्चे की मौत हुई, उसके लिए विद्युत विभाग की लापरवाही जिम्मेदार है। विभाग पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हम यहां कार्रवाई की मांग करने आए हैं। यदि कार्रवाई नहीं करेंगे तो फिर बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे।अब सवाल यह है कि ग्रामीणों पर कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग की जवाबदेही कब तय होगी? बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विधायक ने प्रशासन के सामने अपना पक्ष रख दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


