गांव-गांव तैयार हुईं ‘पशु सखियां’, अब पशुधन की बनेंगी जीवनरक्षक; प्रशिक्षण पूरा होते ही महिलाओं में दिखा नया आत्मविश्वास
बिलासपुर। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गांवों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बिलासपुर में आयोजित 15 दिवसीय “पशु सखी” प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हो गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाओं में उत्साह, आत्मविश्वास और नए अवसरों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल महिलाओं को पशुपालन की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें गांव स्तर पर पशुओं की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर स्वरोजगार के नए रास्ते उपलब्ध कराना भी रहा। प्रशिक्षित पशु सखियां अब ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण प्रबंधन, रोग पहचान, टीकाकरण जागरूकता और प्राथमिक उपचार जैसी सेवाएं देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग की डॉ. रंजना नंदा और डॉ. तन्मय ओट्लवार की उपस्थिति में महिलाओं को तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आरसेटी संचालक ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षित पशु सखियां गांवों में पशुपालकों और पशु चिकित्सा सेवाओं के बीच मजबूत कड़ी बनेंगी। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को पशुओं की स्वास्थ्य जांच, उचित पोषण, सामान्य बीमारियों की पहचान, समय पर टीकाकरण, आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा तथा पशुपालकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं ने बताया कि इस कार्यक्रम से उनके कौशल और ज्ञान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे उनमें नया आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशिक्षित पशु सखियों के गांवों में सक्रिय होने से पशुओं को समय पर इलाज और टीकाकरण मिल सकेगा, जिससे पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकेगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी इस पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं पशुपालन आधारित सेवाओं के माध्यम से सम्मानजनक आय अर्जित कर सकेंगी, जिससे उनकी पारिवारिक आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और समाज में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी। उपरोक्त जानकारी भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बिलासपुर की ओर से दीप्ति मंडल ने दिये।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


