धान खरीदी केंद्रों पर महिला किसानों की बढ़ती मौजूदगी...टोकन तुहर हाथ’ ऐप से सातों दिन 24 घंटे ऑनलाइन टोकन सुविधा
बिलासपुर - जिले के धान खरीदी केंद्रों पर इन दिनों महिला किसानों की नियमित मौजूदगी देखी जा रही है। समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी के दौरान महिलाएं बड़ी संख्या में केंद्रों पर पहुंचकर अपनी उपज बेच रही हैं और खरीदी व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव साझा कर रही हैं। किसानों के अनुसार धान खरीदी के लिए सरकार द्वारा सारी सुविधाएं दी जा रही हैं। नवाडीह की महिला किसान शकुंतला धीवर ने बताया कि वे 63 कट्टी धान लेकर सीपत धान खरीदी केंद्र पहुंचीं। टोकन से लेकर तौल तक की प्रक्रिया आसान रही और केंद्र में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध थी। पंधी गांव से जांजी धान खरीदी केंद्र पहुंचीं महिला किसान लक्ष्मी ने बताया कि वे 100 कट्टी धान बेचने आई हैं और किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। महिला किसान सुनसुन बी ने 180 कट्टी धान बेचते हुए बताया कि धान खरीदी केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं और तौल समय पर हो रहा है। वहीं जांजी धान खरीदी केंद्र में 100 कट्टी धान लेकर पहुंचीं महिला किसान श्रीमती सीमा ने भी केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक अनुभव साझा किए। धान खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शुरू की गई ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप व्यवस्था का असर ज़मीन पर साफ दिखाई दे रहा है। अब किसानों को टोकन के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, क्योंकि सातों दिन चौबीस घंटे ऑनलाइन टोकन कटाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन व ऑफलाइन टोकन व्यवस्था से धान खरीदी केंद्रों में भीड़-भाड़ की स्थिति कम हुई है। किसान समय पर केंद्र पहुंचकर धान का तौल और विक्रय करा पा रहे हैं। त्वरित तौल, समयबद्ध खरीदी, स्पष्ट प्रक्रिया और प्रशासन की सघन निगरानी से किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0