रेलवे अस्पताल के पास जानलेवा हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार, पांच लाख की सुपारी का खुलासा
बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास सुबह की सैर पर निकले श्याम कश्यप पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पांच लाख रुपये की फिरौती के लालच में हत्या की नीयत से श्याम कश्यप पर डंडे और नुकीली वस्तु से हमला किया था। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक 4 जुलाई की सुबह करीब 6:45 बजे श्याम कश्यप मॉर्निंग वॉक के दौरान रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन पर हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर पुलिस और एसीसीयू की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी नितिन टेकाम और विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में कथित तौर पर गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी द्वारा हत्या के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने का लालच दिए जाने की जानकारी सामने आई। फरार साहिल सोनकर को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


