बिलासपुर एयरपोर्ट से शुरू हुई नाइट लैंडिंग सुविधा, आज पहली रात्रि उड़ान से रवाना होंगे मुख्यमंत्री साय
बिलासपुर /रिपोर्ट राकेश मिश्रा/ बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट चकरभाठा एयरपोर्ट से रविवार को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। एयरपोर्ट से पहली बार नाइट लैंडिंग सुविधा के तहत उड़ान संचालित होगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर विष्णुदेव साय स्वयं रात्रि उड़ान से रवाना होकर इसका औपचारिक शुभारंभ करेंगे। हालांकि फ्लाइट के टेकऑफ का सटीक समय अभी शासन स्तर पर तय नहीं किया गया है, लेकिन जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी सुरक्षा, तकनीकी और संचालन संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गौरतलब है कि 6 फरवरी 2026 को डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग के लिए यूएस-आईएफआर श्रेणी में लाइसेंस प्रदान किया था। इसके बाद अब रात के समय और खराब मौसम में भी उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा। नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने से यात्रियों को अधिक शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और सुबह की जल्दी उड़ानों के संचालन में भी आसानी होगी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इससे क्षेत्रीय हवाई सेवाओं को नई गति मिलेगी। एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री स्वयं रात्रि में यहां से टेकऑफ करेंगे। आज 26.93 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान नगर निगम क्षेत्र में 26.93 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे रिवर व्यू स्थित अटल परिसर के पास आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता तोखन साहू करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक अमर अग्रवाल, धरम लाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया और महापौर पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में आयोजित लखीराम स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में भी शामिल होंगे। बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा की शुरुआत से क्षेत्र के हवाई नेटवर्क को बड़ा विस्तार मिलेगा। यह कदम न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि बिलासपुर को हवाई कनेक्टिविटी के मामले में नई पहचान भी दिलाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


