महिला थाना के पास पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, मामला दर्ज
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला पर उसके पति द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना महिला थाना के पास की बताई जा रही है, जहां आरोपी ने पत्नी पर नुकीली वस्तु से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी कामिनी कोशले, निवासी संगवाकापा जिला मुंगेली, इन दिनों बिलासपुर के कुदुदण्ड क्षेत्र में अपनी बहन के घर रह रही थी। महिला पहले काम के सिलसिले में पुणे (महाराष्ट्र) गई हुई थी और हाल ही में बिलासपुर लौटी थी। पति द्वारा लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपनी बहन के साथ महिला परामर्श केंद्र, महिला थाना बिलासपुर पहुंची थी। इसी दौरान महिला थाना के पास उसका पति राकेश कोशले मिल गया। आरोप है कि पत्नी द्वारा शिकायत करने से नाराज होकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने महिला का मुंह दबाकर किसी नुकीली वस्तु से उसके गले पर कई वार कर दिए, जिससे वह घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी आरोपी ने धमकाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल महिला को पुलिस ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


