अशोक नगर में असामाजिक तत्वों से दहशत, महिलाओं ने मांगी पुलिस सुरक्षा
बिलासपुर। शहर के अशोक नगर क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों से परेशान रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। इलाके में रहने वाली लक्ष्मी केवट नाम की महिला ने पुलिस को आवेदन देकर बताया कि कुछ युवक आए दिन मोहल्ले में उत्पात मचाते हैं, जिससे खासकर महिलाएं और बच्चे भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में कुछ युवक लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और महिलाओं से गाली-गलौज करते हैं। साथ ही इलाके में नशाखोरी, शराबखोरी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। महिला ने बताया कि इन गतिविधियों के कारण मोहल्ले के छोटे बच्चों पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। आरोप है कि कुछ युवक बच्चों को भी नशे की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है। पीड़िता के अनुसार कई बार पुलिस को फोन कर सूचना देने के बावजूद समय पर मदद नहीं मिल पाती, जिसके कारण क्षेत्र के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अशोक नगर क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन को जल्द ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इलाके में शांति और कानून व्यवस्था कायम रह सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


