इंडक्शन फर्नेस ब्लास्ट में क्रेन ऑपरेटर झुलसा, हालत गंभीर
बिलासपुर / रिपोर्ट राकेश मिश्रा/ घुटकू स्थित फिल स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड प्लांट में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। इंडक्शन फर्नेस फटने से एक क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के निरतू-घुटकू स्थित प्लांट में कार्यरत बिहार निवासी आशुतोष कुमार (26) हादसे के दौरान फर्नेस की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली सीएसपी (प्रशिक्षु आईपीएस) गगन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में केवल एक ही कर्मचारी घायल हुआ है, अन्य किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट और तीन लोगों की मौत की अफवाहें भी फैलीं, जिन्हें एएसपी रजनेश सिंह ने पूरी तरह खारिज करते हुए भ्रामक बताया। प्रबंधन ने अफवाहों का किया खंडन फील ग्रुप के प्रबंधक प्रदीप झा ने स्पष्ट किया कि प्लांट में कोई बड़ा विस्फोट या जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही मौत की खबरों को निराधार बताया और कहा कि केवल एक कर्मचारी घायल हुआ है। आईसीयू में भर्ती, हालत नाजुक घायल आशुतोष कुमार को प्रताप चौक स्थित केयर एंड क्योर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और धुआं फेफड़ों में जाने से सांस लेने में दिक्कत हो रही है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में रखा गया है तथा रायपुर से विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाए गए हैं। घायल के भाई मनीष सिंह के अनुसार, उन्हें शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल अस्पताल पहुंचे। फिलहाल आशुतोष की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। ठेके पर संचालित था बायलर प्रबंधन के मुताबिक संबंधित बायलर ठेके पर संचालित किया जा रहा था और घायल कर्मचारी ठेकेदार का स्टाफ है। घटना की सूचना ठेकेदार को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


