एनएसयूआई की पहल रंग लाई 9वीं-11वीं की परीक्षा अब 25 मार्च से, छात्रों को मिली राहत
बिलासपुर। कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं की तिथि को लेकर उत्पन्न असमंजस के बीच छात्रों को बड़ी राहत मिली है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होनी थीं, लेकिन अचानक संशोधित समय-सारणी जारी कर 27 फरवरी से परीक्षा लेने के निर्देश दिए जाने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता की स्थिति बन गई थी। छात्रों की समस्या को देखते हुए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के प्रदेश महासचिव अर्पित केशरवानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परीक्षा कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को समझते हुए कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और निर्देश जारी कर दिए कि परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 25 मार्च से ही आयोजित की जाएंगी। इस निर्णय से छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों में संतोष का माहौल है। अर्पित केशरवानी ने कहा कि संगठन हमेशा छात्र हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी किसी भी अनियमितता के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा। वहीं प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने कहा कि परीक्षा से कुछ दिन पहले अचानक तिथि बदलना छात्रों के लिए अनुचित था, क्योंकि अधिकांश छात्र उस समय रिवीजन की तैयारी में लगे थे। एनएसयूआई के हस्तक्षेप से छात्रों को न्याय मिला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


