नर्मदानगर में घरों की जगह कारोबार ने जमाया डेरा, रहवासी परेशान

खाली प्लॉट और मकानों में वाहन कारोबार से लेकर सर्विस सेंटर तक संचालित, संकरी गलियों में पार्किंग का संकट बिलासपुर। शहर की व्यवस्थित आवासीय कॉलोनियों में शुमार नर्मदानगर में अब रिहायशी क्षेत्र का स्वरूप धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। कॉलोनी के कुछ खाली प्लॉट और मकानों में विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने से रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। वाहन खरीदी-बिक्री, एसी सर्विसिंग, कार सर्विसिंग और कोचिंग सेंटर जैसी गतिविधियों के चलते कॉलोनी में बाहरी लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। रहवासियों का कहना है कि इससे कॉलोनी की शांति और सामान्य आवागमन प्रभावित हो रहा है। खाली प्लॉट बने वाहनों के स्टॉक यार्ड कॉलोनी के कुछ खाली प्लॉटों में बड़ी संख्या में वाहन खड़े किए जा रहे हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के कारण छोटी गलियों में आवागमन मुश्किल होने की शिकायत सामने आ रही है। कई जगह स्थिति ऐसी बन रही है कि रहवासियों को अपने ही घर तक वाहन ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्किंग की जगह घिरी, बढ़ रहा विवाद रहवासियों के मुताबिक व्यावसायिक गतिविधियों के कारण कर्मचारियों, ग्राहकों और वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इससे सड़क किनारे और खाली स्थानों पर पार्किंग का दबाव बढ़ गया है। कई बार रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति भी बन रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। प्लॉट लेकर वर्षों से निर्माण नहीं, अब किराए पर कारोबार रहवासियों का आरोप है कि वर्षों पहले बिलासपुर विकास प्राधिकरण से आवासीय उपयोग के लिए प्लॉट लेने के बाद कुछ लोगों ने अब तक निर्माण नहीं कराया है। ऐसे कुछ प्लॉटों को किराए पर देकर वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की बात कही जा रही है। नागरिकों ने संबंधित विभाग से ऐसे मामलों की जांच कर भूमि उपयोग और अनुमति की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। नगर निगम से कार्रवाई की मांग कॉलोनीवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि नर्मदानगर में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की जांच की जाए। यदि आवासीय क्षेत्र में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया जाए। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी का मूल स्वरूप आवासीय है और इसे अनियंत्रित व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बनने से रोकना जरूरी है।

Sep 26, 2026 - 13:22
 0  3
💬 WhatsApp पर शेयर करें
नर्मदानगर में घरों की जगह कारोबार ने जमाया डेरा, रहवासी परेशान

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0