निर्माणाधीन मकान में करंट से दो राजमिस्त्रियों की मौत, सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-2 स्थित आरबी हॉस्पिटल के मुख्य द्वार के सामने एक निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को करंट लगने से दो राजमिस्त्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट, सीएसपी परमेश्वर तिलकवार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उनकी छुट्टी थी, इसके बावजूद वे किसी आवश्यक कार्य से निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों कुछ समय तक नीचे बातचीत करते रहे और फिर मकान की ऊपरी मंजिल पर चले गए। इसी दौरान अचानक चीखने की आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग जब ऊपर पहुंचे तो दोनों बिजली के करंट की चपेट में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट किस वजह से लगा। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माण स्थल पर खुले विद्युत तार या बिजली संबंधी तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और विद्युत विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। मृतकों की शिनाख्त और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Aug 4, 2026 - 19:49
 0  40
💬 WhatsApp पर शेयर करें
निर्माणाधीन मकान में करंट से दो राजमिस्त्रियों की मौत, सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Rakesh Mishra कांटेक्ट नंबर - 9827171483