श्रीराम श्रद्धा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय हुआ सरकंडा क्षेत्र
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में आयोजित श्रीराम श्रद्धा यात्रा में रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा में शामिल होकर हजारों श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा, आस्था एवं समर्पण अर्पित किया। पूरे सरकंडा परिक्षेत्र में "जय श्रीराम" के गगनभेदी उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। विजय केसरवानी के नेतृत्व में निकली इस भव्य श्रद्धा यात्रा में क्षेत्र की माताओं, बहनों, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। यात्रा के दौरान धार्मिक एकता, सामाजिक सद्भाव और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश दिया गया। इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश पांडे, महेश दुबे (टाटा महाराज), अमित दुबे, शिल्पी तिवारी, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष योगेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहरवासी उपस्थित रहे। इस दौरान किसान कांग्रेस बिलासपुर शहर के जिला महासचिव विभव सराफ ने कहा कि, "प्रभु श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि सत्य, मर्यादा, न्याय और लोककल्याण के आदर्श हैं। यह यात्रा किसी राजनीतिक उद्देश्य की नहीं, बल्कि समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने का माध्यम है। हम सभी को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।" श्रद्धा यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


