बारिश से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दे सरकार...त्रिलोक चंद्र श्रीवास
बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र सहित बिलासपुर महानगर के कई वार्डों और गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर मकानों को नुकसान पहुंचा है, जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं फसल और पशुधन को भी नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच बिलासपुर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक और जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बेलतरा विधानसभा क्षेत्र और बिलासपुर महानगर में हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। विशेष रूप से निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने सरकार से व्यापक स्तर पर सर्वे कराकर मकान, फसल, पशुधन और अन्य नुकसान का आकलन कराने तथा प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सरकार का दायित्व है कि वह अभिभावक की भूमिका निभाते हुए प्रभावित लोगों के साथ खड़ी हो और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


