कारगिल विजय दिवस पर पुलिस-विद्यार्थी संवाद, छात्रों को कानून और साइबर सुरक्षा की जानकारी
बिलासपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटचौरा में पुलिस-विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम, एएसआई श्री साहू और आरक्षक श्री सोनावनी ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध और यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की। संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों को लेकर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। थाना प्रभारी कमला पुसाम ने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर पचपेड़ी थाना पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को पेन और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनोज सनाड्य, शिक्षकगण, ग्राम के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


