पीएम सूर्यघर योजना में बिजली बिल से मिली मुक्ति अतिरिक्त बिजली बेचकर हुई कमाई उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नागरिकों से सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की, बिलासपुर जिले में 7,500 सोलर संयंत्र स्थापित

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पॉवर डिस्ट्रीब्यूषन कंपनी लिमिटेड द्वारा सेवा सेतु अभियान के तहत बिलासपुर के स्व. लखीराम अग्रवाल मेमोरियल आडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुये बताया गया कि यह योजना आम परिवारों के लिए बिजली बिल में राहत देने के साथ ही अतिरिक्त आमदनी का जरिया भी बन रही है। घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित कर उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहे हैं। वहीं, जरूरत से अधिक उत्पादित बिजली से अतिरिक्त आय प्राप्त करने का अवसर भी मिल रहा है। सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जागरूकता कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आज की जरूरत होने के साथ भविष्य के लिए लाभकारी निवेश भी है। बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सौर ऊर्जा का उपयोग समय की आवश्यकता बन गया है। नागरिक इस योजना का लाभ लेकर अपने घरों में सोलर संयंत्र लगाएं और बिजली के खर्च में कमी लाने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में योगदान दें। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऊर्जा ने जीवन को गति प्रदान की है। आज घरों से लेकर उद्योगों तक बिजली की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। दैनिक जीवन में बिजली की उपयोगिता इतनी अधिक हो गई है कि एक घंटे की बिजली बाधित होने पर भी लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सूर्य की ऊर्जा बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक अपनाने को लेकर शुरुआत में लोगों के मन में कुछ आशंकाएं रहती हैं, लेकिन समय के साथ आगे बढ़ने और बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए तकनीक को अपनाना जरूरी है। सोलर संयंत्र स्थापित करने से परिवार अपनी बिजली की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। इसके साथ ही अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में देकर नियमानुसार आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है। साव ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को आर्थिक रूप से राहत देने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में जुटे बिजली विभाग के अधिकारियों की सराहना की और नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाकर सूर्य की ऊर्जा का लाभ उठाएं। क्रेडा के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य आधुनिक सुविधाओं के उपयोग में वृद्धि होने से बिजली की मांग और बढ़ेगी। इस बढ़ती मांग को पूरा करने में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि केवल घरेलू क्षेत्र ही नहीं, बल्कि औद्योगिक क्षेत्रों में भी सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने की आवश्यकता है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे ने सौर ऊर्जा के विस्तार के लिए गुजरात के अनुभवों से सीखने की बात कही। उन्होंने कहा कि सोलर संयंत्र स्थापित करने के साथ उनका उचित रखरखाव भी जरूरी है, ताकि लंबे समय तक उनका बेहतर उपयोग किया जा सके और उपभोक्ताओं को अपेक्षित लाभ मिलता रहे। कार्यक्रम में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थी जयंत सरकार ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 में उन्होंने योजना का लाभ लेकर अपने घर में सोलर संयंत्र स्थापित कराया था। संयंत्र लगाने की पूरी प्रक्रिया आसान रही और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। जयंत सरकार ने बताया, “सोलर लगने के बाद मेरा बिजली बिल शून्य हो गया है। साथ ही अब तक ढाई हजार रुपये की कमाई भी हुई है।” कार्यक्रम के दौरान पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित जयंत सरकार, सरोज तिवारी, लक्ष्मी देवी लहरे, गायत्री ठाकुर और प्रतिभा शुक्ला सहित दो दर्जन हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, वेंडर्स और बैंक अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में योजना के प्रचार-प्रसार, सोलर संयंत्रों की स्थापना और हितग्राहियों को सहायता उपलब्ध कराने में जुटे लोगों के कार्यों की सराहना की गई। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर जिले के 10 गांवों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अधिक से अधिक परिवारों को योजना के प्रति जागरूक करने और उन्हें सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर का पॉम एन्क्लेव पूरी तरह सोलर ऊर्जा से जुड़ चुका है। यह अन्य आवासीय क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का विस्तार होने से परिवारों के बिजली खर्च में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। जिले में अधिक से अधिक घरों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अंबस्थ ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना परिवारों के घरेलू बजट का बोझ कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की सहायता से उपभोक्ताओं को अनुदान का लाभ मिल रहा है, जिससे सोलर संयंत्र स्थापित करना अपेक्षाकृत आसान हुआ है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले में योजना के अंतर्गत लगभग 100 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जा चुका है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 72 करोड़ रुपये और राज्य सरकार की ओर से 28 करोड़ रुपये शामिल हैं। यह सहायता जिले में सौर ऊर्जा के विस्तार और घरेलू उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। बिलासपुर वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री सुरेश जांगड़े ने योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर जिले में 46 हजार सोलर संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध अब तक लगभग 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं और करीब 7,500 सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत निर्धारित क्षमता के अनुसार सब्सिडी प्रदान की जाती है। एक किलोवॉट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 45 हजार रुपये, दो किलोवॉट पर 90 हजार रुपये और तीन किलोवॉट पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। इस आर्थिक सहायता से उपभोक्ताओं के लिए सोलर संयंत्र लगाने की लागत का बोझ कम होता है और वे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्षन अधीक्षण अभियंता नगर वृत्त पी.एल. सिदार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, सहकारी बैंकके अध्यक्ष रजनीश सिंह और नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अलावा बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सोलर संयंत्र स्थापित करने वाले वेंडर्स, बैंक अधिकारी, योजना के लाभार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Oct 17, 2026 - 08:39
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
पीएम सूर्यघर योजना में बिजली बिल से मिली मुक्ति अतिरिक्त बिजली बेचकर हुई कमाई उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नागरिकों से सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की, बिलासपुर जिले में 7,500 सोलर संयंत्र स्थापित

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0