भक्तिमय माहौल में मनाया गया रामलला का छठी उत्सव, व्यंकटेश मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रिपोर्ट... राकेश मिश्रा.....बिलासपुर सदर बाजार स्थित व्यंकटेश मंदिर में रविवार को भगवान श्रीरामलला का छठी उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। राम जन्मोत्सव के उपरांत आयोजित इस छठी उत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान श्रीरामलला का विशेष श्रृंगार कर उन्हें भव्य आसन पर विराजित किया गया। साथ ही भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघन की मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजन-अर्चन और महाआरती संपन्न हुई। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में पारंपरिक बधाई गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर मंदिर के महंत डॉ. कौशलेंद्र प्रपत्राचार्य द्वारा राम जन्मोत्सव की शोभायात्रा सहित विभिन्न आयोजनों में सहयोग करने वाले 100 से अधिक सेवादारों को सम्मानित किया गया। अंत में श्रद्धालुओं के बीच सोंठ और गुड़ से बने लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


