रिसॉर्ट में हिरण का मांस पकाते पकड़े गए 6 आरोपी, मैनेजर-कुक समेत सभी जेल भेजे गए
बिलासपुर/बेलगहना /रिपोर्ट राकेश मिश्रा/ बेलगहना क्षेत्र के कुरदर स्थित एक रिसॉर्ट में हिरण का शिकार कर उसका मांस पकाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैनेजर और कुक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वन विभाग को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि एक रिसॉर्ट में हिरण का मांस पकाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां किचन के बाहर चूल्हे पर मांस पकता हुआ मिला। टीम ने मौके से पका हुआ मांस और उपयोग में लाए गए बर्तन जब्त किए। पूछताछ में आरोपी जनक राम बैगा ने बताया कि एक हिरण कुत्तों से बचते हुए रिसॉर्ट की फेंसिंग में फंसकर घायल हो गया था। बाद में ग्रामीणों ने उसे मारकर मांस आपस में बांट लिया। इसी मांस का कुछ हिस्सा रिसॉर्ट के कुक रामकुमार टोप्पो को दिया गया था, जिसने उसे पकाया। कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने रिसॉर्ट के मैनेजर रजनीश सिंह, कुक रामकुमार टोप्पो सहित जनक राम बैगा, देवसिंह बैगा, राजेश और लखन सिंह को गिरफ्तार किया। हालांकि कुरदर वैली रिसोर्ट प्रबंधन ने घटना से अपना संबंध होने से इनकार किया है। वन विभाग के अनुसार, जंगल से लगे गांवों में हिरण के शिकार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिस पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


