रोज हो रहा भूमि पूजन, फिर भी छत्तीसगढ़ की सड़कें गड्ढों में गुम! दिवाली से पहले सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगी समाजवादी पार्टी: धनीराम यादव सड़क हादसों के लिए सरकार की लापरवाही को बताया जिम्मेदार, ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक बदहाल सड़कों पर उठाए सवाल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सड़कों की बदहाली को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है। समाजवादी पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं प्रदेश प्रवक्ता धनीराम यादव ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में रोजाना सड़क, नाली और अन्य विकास कार्यों के नाम पर भूमि पूजन किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि गांव से लेकर शहर तक सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं। इससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धनीराम यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई जगह सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़कें उखड़ने और धंसने लगती हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि सड़कें टिकाऊ नहीं हैं, तो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों पर गड्ढे और जलभराव लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है और कई परिवार उजड़ रहे हैं। किसी का बेटा, किसी का पति तो किसी मासूम बच्चे का पिता सड़क हादसे में अपनी जान गंवा रहा है। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। मंत्री की नाराजगी के बाद भी नहीं सुधरे हालात सपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के मंत्री द्वारा भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताए जाने की बात सामने आई है। यदि मंत्री की नाराजगी के बाद भी सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा? उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं, भूमि पूजन और कागजी विकास से जनता को राहत नहीं मिलने वाली है। सरकार को धरातल पर काम करके दिखाना होगा। दिवाली से पहले गड्ढे भरने की मांग, आंदोलन की चेतावनी धनीराम यादव ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ की बदहाल सड़कों, गड्ढों और जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए तत्काल अभियान चलाया जाए। सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सड़कों की मरम्मत कराकर जनता को गुमराह किया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित सड़कें उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि उसे वर्षों तक परेशानी झेलने के लिए छोड़ देना। धनीराम यादव ने चेतावनी दी कि यदि दिवाली से पहले सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का काम पूरा नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी प्रदेश की जनता को साथ लेकर सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आम लोगों के अधिकारों और सुरक्षित आवागमन के लिए पूरी ताकत से सड़क पर उतरेगी।

Oct 13, 2026 - 16:05
 0  1
💬 WhatsApp पर शेयर करें
रोज हो रहा भूमि पूजन, फिर भी छत्तीसगढ़ की सड़कें गड्ढों में गुम! दिवाली से पहले सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगी समाजवादी पार्टी: धनीराम यादव  सड़क हादसों के लिए सरकार की लापरवाही को बताया जिम्मेदार, ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक बदहाल सड़कों पर उठाए सवाल

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0