विश्व जल दिवस पर विकासार्थ विद्यार्थी द्वारा कोपरा जलाशय में पारिस्थितिकी अध्ययन का आयोजन
विश्व जल दिवस के अवसर पर विकासार्थ विद्यार्थी बिलासपुर महानगर द्वारा कोपरा जलाशय में एक दिवसीय पारिस्थितिकी अध्ययन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को प्रकृति, जल स्रोतों तथा जैव विविधता के महत्व से परिचित कराना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कोपरा जलाशय क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना, जलाशय के महत्व तथा यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में बर्ड वॉचिंग, प्रकृति अवलोकन और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर संवाद भी हुआ। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि आर्द्रभूमि और जलाशय किस प्रकार पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विकासार्थ विद्यार्थी के राष्ट्रीय सह संयोजक श्री इंदीवर शुक्ला ने कहा कि जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन ही नहीं बल्कि हमारे जीवन और संस्कृति का आधार हैं। भारत की सांस्कृतिक परंपरा में जल स्रोतों और नदियों को जीवनदायिनी माना गया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण, अतिक्रमण और संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण प्राकृतिक जल स्रोतों के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं, ऐसे में युवाओं को प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए आगे आना होगा। वहीं अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री श्री हेमांसु कौशिक ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की अध्ययन यात्राएं अत्यंत उपयोगी होती हैं, इससे उन्हें प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े विषयों को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूत बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने भी इस अध्ययन यात्रा को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझने का नया दृष्टिकोण मिला। अंत में सभी प्रतिभागियों ने जल स्रोतों और प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया जिसमें मुख्य रूप से विकासार्थ विद्यार्थी छत्तीसगढ़ के प्रांत संयोजक अद्वित मिश्रा, सीयू के शोधार्थी क्षीरसागर, अतिंद्र, स्वयं, विंटर, मीनाक्षी, सुमन व अन्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


