सेंट जेवियर्स हाई स्कूल भरनी में अलंकरण समारोह संपन्न, छात्र परिषद ने संभाली नेतृत्व की जिम्मेदारी
बिलासपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, भरनी में मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वार्षिक अलंकरण समारोह का आयोजन विद्यालय सभागार में उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लायंस क्लब बिलासपुर की अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी यादव तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीमती अर्चना तिवारी थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. जी.एस. पटनायक, निदेशक सुश्री लेखाश्री, प्रबंध समिति सदस्य सुश्री दिव्याश्री, सीईओ एवं प्राचार्य डॉ. बी.बी. महाता, उपप्राचार्य श्री दिनेश विष्ट तथा प्रधान पाठिका श्रीमती नैंसी पारेख सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण नवगठित छात्र परिषद का अलंकरण रहा। मुख्य अतिथियों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बैज एवं ध्वज प्रदान कर उन्हें विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। इस वर्ष सेम अंबस्थ को हेड बॉय तथा अनन्या शुक्ला को हेड गर्ल चुना गया। इसके अलावा विभिन्न क्लबों, हाउसों एवं छात्रावास की छात्र परिषद के पदाधिकारियों को भी सम्मानित कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्य अतिथि श्रीमती अश्विनी यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने साथियों के लिए प्रेरणा बनना और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है। वहीं प्राचार्य डॉ. बी.बी. महाता ने कहा कि अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम का समापन उपप्राचार्य श्री दिनेश विष्ट के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके पश्चात लायंस क्लब के सदस्यों एवं विद्यालय परिवार ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


