स्मार्ट रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर: एक्टिवा सवार को मारी टक्कर, हालत गंभीर; कार में सवार चार नाबालिग छात्र पुलिस की जांच में
बिलासपुर। शहर के स्मार्ट रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, CG10BH7752 नंबर की Kia Carens कार तेज गति से चल रही थी। दुर्घटना के बाद कार के इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल एक्टिवा सवार को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति की जेब से महर्षि स्कूल का एक कार्ड मिला है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायल के परिजन भी सिम्स अस्पताल पहुंच चुके हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार चारों युवक नाबालिग स्कूली छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वाहन कौन चला रहा था और नाबालिगों के पास कार कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


