हरदाडीह में बीट चौपाल: पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक, समस्याओं का मौके पर समाधान
सीपत (रिपोर्टर सतीश यादव) - सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हरदाडीह में बीट चौपाल का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका निराकरण किया। यह पहल उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में लागू बीट प्रणाली के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाना है। चौपाल में एसडीओपी मस्तूरी लालचंद मोहले, थाना प्रभारी सीपत राजेश मिश्रा एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों और साइबर फ्रॉड से बचाव के बारे में जानकारी दी। साथ ही घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति के आने पर तुरंत बीट प्रभारी या आरक्षकों को सूचना दें। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे बीट व्यवस्था की जिले सहित पूरे राज्य में सराहना हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाकर आम जनता के सहयोग से अपराधों में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

