7 दिन से लापता तीन बच्चों की मां, CCTV और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक 32 वर्षीय महिला पिछले सात दिनों से लापता है। तीन बच्चों की मां के अचानक गायब होने से परिवार परेशान है। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। महिला के पिता थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक गुहार लगा चुके हैं। वहीं अब पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और CCTV फुटेज से लेकर मोबाइल कॉल डिटेल तक खंगालने की तैयारी की जा रही है।लापता महिला की पहचान नीलम यादव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक 23 अक्टूबर को नीलम अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। सात दिन बीत जाने के बाद भी महिला का सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। पिता रामचरण यादव ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बेटी की तलाश की गुहार लगाई है। इधर पुलिस का कहना है कि महिला के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। जिन-जिन स्थानों पर CCTV कैमरे लगे हैं, वहां के फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR भी खंगाली जाएगी, ताकि महिला की आखिरी गतिविधियों और संपर्कों के बारे में जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सात दिन पहले पति के साथ निकली नीलम यादव कहां और किन परिस्थितियों में लापता हो गई? परिवार को अब भी अपनी बेटी के सुरक्षित लौटने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


