आरसेटी बिलासपुर में विशेष सत्र: कुलपति नरेश तिवारी ने युवाओं को दिया स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता का मंत्र
बिलासपुर, 26 अप्रैल 2026। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), कोनी–सेंदरी, बिलासपुर में आज एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति श्री नरेश तिवारी एवं रजिस्ट्रार श्री विजय गारूडिक का संस्थान में आगमन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कुलपति श्री नरेश तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। रिमोट सेंसिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाले श्री तिवारी 36 वर्षों से अधिक समय से शिक्षण, अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनका व्यक्तित्व विज्ञान, शिक्षा, शोध, समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों का अद्वितीय संगम है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। अपने संबोधन में उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को दक्षता एवं कुशलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा काउंसलिंग के माध्यम से आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि आज के समय में आजीविका के लिए कौशल, ज्ञान और शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, लेकिन जीवन में बड़े सपने देखना और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा के मूल्यों को जीवन में कैसे आत्मसात किया जा सकता है तथा कौशल आधारित ज्ञान से बेहतर जीविकोपार्जन संभव है। सत्र के दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बिना किसी संकोच के प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित किया और हर विषय में जानकारी प्राप्त करने के लिए खुले मन से आगे आने का आह्वान किया। संकाय सदस्यों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ संकाय श्रीमती दीप्ति मंडल द्वारा किया गया। साथ ही आरसेटी के कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर संस्थान के प्रशिक्षक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


