ग्राम पंचायत बोईदा में मांदर-नगाड़े की गूंज, होली पर्व पर सरपंच संजय राज ग्रामीणों संग झूमे
कोरबा । ग्राम पंचायत बोईदा में होली पर्व इस वर्ष पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंग-रूप के साथ मनाया गया। मांदर और नगाड़े की थाप पर पूरा गांव झूम उठा। नायक पारा, ओढ़ालीडीह, सराईपाली और गुड़ी चौक में रंग-गुलाल उड़ाते हुए ग्रामीणों ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर सरपंच संजय राज स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और मांदर की धुन पर जमकर नृत्य किया। रंगों से सराबोर सरपंच ने सभी ग्रामवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का पर्व है। उन्होंने कहा कि गांव में इस बार होली की विशेष धूम है और सभी मोहल्लों में उत्साहपूर्वक पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया जा रहा है।सरपंच ने अपने संदेश में कहा कि “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का अवसर है। हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर गांव के विकास और समृद्धि के लिए कार्य करना चाहिए।” उनके इस संदेश का ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया।वहीं विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा ने भी ग्रामवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत बोईदा के लोगों की एकता और उत्साह की सराहना करते हुए सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नगाड़ा और मांदर बजाकर माहौल को जोशीला बना दिया। महिलाएं और बुजुर्ग भी इस उत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल हुए। रंगों से सजे चेहरों और पारंपरिक गीत-नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।इस अवसर पर राजकुमार मरावी, बलदेव जगत, तुलाराम सिदार, जतराम प्रजापति, महेश पटेल, पंच शांति लाल पटेल, कलेश पटेल,श्रवण पटेल, रामाधारी पटेल, मोतीलाल पटेल एवं छत्रपाल पोर्ते सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।पूरे पंचायत क्षेत्र में देर शाम तक उत्सव का माहौल बना रहा और गांव रंगों की खुशियों में सराबोर नजर आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


