नवरात्रि व गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, वाटर प्लांट पर कार्रवाई हजारों बोतल-पाउच जब्त
बिलासपुर, नवरात्रि पर्व और बढ़ती गर्मी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और नियंत्रक खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर कार्रवाई की। आर.आर. देवांगन (अभिहित अधिकारी) के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी की टीम ने सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल एंड वाटर प्लांट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पानी की बोतलों का विधिक नमूना लिया गया। साथ ही भ्रामक लेबलिंग पाए जाने पर 1 लीटर की 210 पेटी (प्रत्येक में 12 बोतल), 250 एमएल की 3030 बोतल और 250 एमएल के 29,100 पानी पाउच को सीज किया गया। इसके अलावा दो अन्य फर्मों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। टीम ने सेवई, साबूदाना तथा अरहर और चना दाल के नमूने भी जांच के लिए लिए। इसी दौरान रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं को सुरक्षित प्रसाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रसाद कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। भोग प्रमाणन के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण हेतु भेजे गए। मंदिर परिसर के बाहर लगे ठेले और गुमटियों की जांच में अखाद्य रंग से तैयार चाट को नष्ट कराया गया तथा संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि नवरात्रि और गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


