नृसिंह प्राकट्य दिवस पर ग्राम हॉफा में भव्य 56 भोग एवं विशाल भंडारे का आयोजन आज

बिलासपुर - जिले से लगभग 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम हॉफा में देवाधिदेव सिद्ध बघर्रा पाठ भगवान नृसिंह नाथ जी के भव्य मंदिर में आज 30 अप्रैल, गुरुवार 2026 को नृसिंह प्रकटोत्सव बड़े ही भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर के आचार्य पंडित धनेश उपाध्याय जी ने जानकारी दी कि यह पावन पर्व वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है, जो भगवान विष्णु के चौथे अवतार भगवान नृसिंह को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सत्ययुग में भगवान नृसिंह ने भक्त प्रह्लाद की रक्षा और अत्याचारी राक्षस हिरण्यकश्यप के वध हेतु नर-सिंह रूप में अवतार लिया था। उनका यह अवतार धर्म की अधर्म पर विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। आचार्य जी ने बताया कि चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ 29 अप्रैल रात्रि 7:54 बजे से होकर 30 अप्रैल रात्रि 9:14 बजे तक रहेगा। प्रातःकाल में महाअभिषेक एवं “ॐ उग्रं वीरं महाविष्णुं ज्वलन्तं सर्वतोमुखम्…” नृसिंह महामंत्र के जप के साथ भगवान के उग्र स्वरूप की पूजा की जाएगी, जिससे नकारात्मकता, भय और विशेष रूप से शनि एवं राहु के अशुभ प्रभावों का नाश होता है। कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह पंडितों द्वारा नृसिंह चालीसा पाठ एवं जप, महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन तथा दोपहर में रामायणी भक्तों द्वारा श्रीरामचरितमानस का गायन किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान नृसिंह को प्रसन्न करने हेतु छप्पन भोग (56 व्यंजनों) का विशेष अर्पण किया जाएगा, जो उनके उग्र स्वरूप को शांत करने और सुख-समृद्धि की कामना हेतु किया जाता है।छप्पन भोग आचार्य धनेश उपाध्याय जी के निवास पर तैयार किया जाएगा, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना के बाद शाम 5:30 बजे भव्य शोभायात्रा के रूप में मंदिर के लिए प्रस्थान किया जाएगा। शंखनाद, बीजघंट और जयकारों के साथ यह यात्रा संध्या 6:30 बजे मंदिर पहुंचेगी, जहां 56 भोग एवं पंचमेवा पाग अर्पित कर महाआरती की जाएगी। महाआरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आचार्य जी ने समस्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे सपरिवार इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर भगवान नृसिंह की कृपा, सुरक्षा एवं आशीर्वाद प्राप्त करें तथा अपने जीवन के दुख, भय और नकारात्मक ऊर्जा का नाश कर पुण्य के भागीदार बनें।

Apr 30, 2026 - 06:17
 0  3
💬 WhatsApp पर शेयर करें
नृसिंह प्राकट्य दिवस पर ग्राम हॉफा में भव्य 56 भोग एवं विशाल भंडारे का आयोजन आज

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0