पाली महोत्सव 2026 में सुरों का महासंग्राम- अरुण साव के शुभारंभ के साथ दो दिन तक गूंजेगा संगीत और आस्था का उत्सव
कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 एवं 16 फरवरी को ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित पाली महोत्सव मैदान में पाली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दो दिवसीय यह महोत्सव धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का अद्भुत संगम पेश करेगा। 15 फरवरी को शाम 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती और दीपोत्सव के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। कार्यक्रम में सांसद कोरबा ज्योत्सना चरण दास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर नगर निगम संजू देवी राजपूत, जनपद पंचायत पाली अध्यक्ष पूर्णिमा शोभा सिंह जगत,उपाध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा निकिता मुकेश जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली अजय जायसवाल, सरपंच ग्राम पंचायत केराझरिया गिरजा सत्यनारायण पैंकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। शुभारंभ संध्या में बॉलीवुड के चर्चित गायक- मीत ब्रदर्स, खुशबू ग्रेवल और सलमान अली अपने सुपरहिट गीतों से समां बांधेंगे। छत्तीसगढ़ी कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, लोकगीत और कठपुतली नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। युवाओं के उत्साह को देखते हुए 15 फरवरी को साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। 16 फरवरी को शाम 7 बजे समापन समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा ज्योत्सना चरण दास महंत अध्यक्षता करेंगी। समापन संध्या में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुज शर्मा अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे, वहीं बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर अपने चर्चित गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। पाली महोत्सव 2026 को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्रशासन को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भागीदारी की उम्मीद है, जिससे यह आयोजन यादगार और ऐतिहासिक साबित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0


